मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का निधन, लखनऊ में ली अंतिम सांस

Hill Horizon Desk
3 Min Read

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का बुधवार की सुबह निधन हो गया है। उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया था, जहां अस्पताल के निदेशक डॉ. जीपी गुप्ता ने उनके मृत होने की पुष्टि की।

फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

सपा मुखिया अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव अपने जीवन में राजनीति से दूर रहे। आज सुबह उनका निधन हो गया। लखनऊ के अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। प्रतीक यादव अपने व्यवासायिक जीवन में व्यस्त रहते थे। लखनऊ में उनके अपने जिम हैं साथ ही खुद फिटनेस ट्रेनर भी थे। उनका राजनीति से कोई नाता नहीं रहा।

नवम्बर, 2012 में कुछ सपा कार्यकर्ता सपा कार्यालय में घुसकर लोकसभा चुनाव में प्रतीक को आजमगढ़ से टिकट दिए जाने की मांग करने लगे थे। प्रतीक की मां और मुलायम की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता और चाचा शिवपाल ने भी इस बात का समर्थन किया था, हालांकि तब प्रतीक को टिकट नहीं दिया गया।

प्रतीक यादव मीडिया और राजनीति से दूर ज्यादातर समय शारीरिक और मानसिक फिटनेस में लगाते थे। बता दें कि अपर्णा यादव भाजपा नेता होने के साथ उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं और प्रतीक यादव सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई। वे मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता की संतान हैं। मुलायम सिंह ने सार्वजनिक रूप से प्रतीक को अपना बेटा बताया था।

प्रतीक और अपर्णा ने 2011 में लव मैरिज की थी। इटावा के सैफई में समारोह का आयोजन धूमधाम से किया गया था, जिसमें मुलायम सिंह यादव भी शामिल हुए थे।

प्रतीक यादव स्पोर्ट्स कार चलाने के शौकीन थे। कई बार उन्हें लखनऊ की सड़़कों पर महंगी गाड़ियों को ड्राइव करते हुए देखा गयाा था। उनके पास इतालवी स्पोर्ट्स कार थी, जिसमें 5200 सीसी पॉवर में 10 सिलेंडर इंजन लगा है। यह कार 325 किलोमीटर/प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ती है।

वहीं,मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव के निधन पर सीएम योगी ने दुख जताया। X पर सीएम योगी ने लिखा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, ‘पद्म विभूषण’, स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Share This Article
Leave a Comment