लालकुआं स्टेशन पर बेहोश मिले पति-पत्नी, जहरखुरानी गिरोह का शिकार होने की आशंका

Hill Horizon Desk
3 Min Read

रिपोर्ट गौरव गुप्ता।

लालकुआं। वर्तमान समय में सतर्कता अत्यंत आवश्यक है, सतर्कता के द्वारा ही अराजक तत्वों से बचा जा सकता है, जरा सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। यहां मुरादाबाद -काठगोदाम पैसेंजर ट्रेन से आ रहे दंपति लालकुआं स्टेशन में बेहोशी की हालत में मिलने से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में जीआरपी पुलिस ने दोनों को 108 सेवा द्वारा सुशीला तिवारी चिकित्सालय को भेजा है, बेहोश पति-पत्नी के पास मोबाइल पैसे व अन्य कुछ भी समान नहीं था, जिसके चलते अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह दोनों जहर खुरानी गिरोह के शिकार हुए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज प्रातः लगभग 10:30 बजे जीआरपी चौकी लालकुआं को सूचना मिली कि मुरादाबाद से लालकुआं पहुंची मुरादाबाद काठगोदाम पैसेंजर रेलगाड़ी में एकदम बेहोशी की हालत में पति पत्नी पड़े हुए हैं, सूचना पर पहुंचे जीआरपी काठगोदाम के थानाध्यक्ष संजय शर्मा समेत अन्य पुलिस कर्मियों ने दोनों घायलों को नीचे उतार कर उनसे बातचीत करने का प्रयास किया, परंतु वह ठीक ढंग से जवाब नहीं दे पा रहे थे, आधार कार्ड की जांच करने पर उनके नाम पते पुलिस को पता चले, काफी देर के बाद यह जानकारी में आया कि वह मुरादाबाद से ट्रेन में बैठे, उन्हें नेपाल जाना है, क्योंकि वह नेपाली मूल के रहने वाले हैं, तथा मुरादाबाद में ही किसी ने उन्हें चाय पिलाई थी, जिसके बाद से वह अपनी सुध-बुध खो बैठे, उनके पास उनके मोबाइल, पैसे यहां तक कि टिकट भी नहीं था, इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि संभवतः वह जहर खुरानी गिरोह के शिकार हो गए होंगे।

जीआरपी पुलिस ने उन्हें 108 सेवा द्वारा डॉ सुशीला तिवारी चिकित्सालय हल्द्वानी को भेज दिया।

थानाध्यक्ष काठगोदाम संजय शर्मा ने बताया कि जीआरपी के जवान कुमाऊं के तमाम रेलवे स्टेशनों में वर्दी के साथ-साथ शादी वर्दी में भी गस्त करते रहते हैं, तथा स्टेशन में पैनी नजर बनाकर रखी जाती है। उन्होंने यात्रियों से आह्वान किया कि वह अनजान व्यक्ति या परिवार द्वारा दिए जाने वाले किसी भी प्रकार के पेय या खाद्य पदार्थ ग्रहण न करें। तथा संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने पर उसकी तत्काल सूचना जीआरपी पुलिस को दें।

Share This Article
Leave a Comment