संगठन मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम, धीर सिंह बने भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक

Hill Horizon Desk
2 Min Read

भाजपा ने व्यापार प्रकोष्ठ की नई टीम का किया गठन, धीर सिंह बने जिला संयोजक

रुड़की। भारतीय जनता पार्टी जिला रुड़की की जिलाध्यक्षा डॉ. मधु सिंह द्वारा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से व्यापार प्रकोष्ठ की नई जिला टीम का गठन किया गया है। इस क्रम में धीर सिंह को भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ, जिला रुड़की का जिला संयोजक नियुक्त किया गया है, जबकि राजन गोयल एवं अशोक जी को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अपनी नियुक्ति पर धीर सिंह ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश संगठन तथा जिलाध्यक्षा डॉ. मधु सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि व्यापारिक समाज की समस्याओं के समाधान, व्यापारियों और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।

धीर सिंह ने कहा कि वे पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों के सहयोग एवं मार्गदर्शन से संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेंगे। उनकी नियुक्ति पर व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों सहित भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है और अनेक लोगों ने उन्हें शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।

Share This Article
Leave a Comment